गुरुवार, 13 मई 2021

आहूं... बड़ा इतिहास समेटे एक गांव

 

पुस्तक का मुखपृष्ठ

 केवल तिवारी

आहूं से संबंधित कुछ बातें शुरू करूं उससे पहले मुझे याद आ रही है कुछ साल पहले हरियाणा के आईपीएस अधिकारी राजबीर देसवाल की एक किताब विमोचन से संबंधित कार्यक्रम की। उनकी किताब थी अंटा। मुझे हैरानी हुई। चूंकि मेरा असाइमेंट लगा हुआ था, कवरेज करने गया। पर मन में सवाल थे कि अंटा क्या है। वहां पहुंचकर देसवाल जी से छोटी सी मुलाकात हुई। उन्होंने बताया अंटा उनका पैतृक गांव है। लेकिन गांवों की कहानी सबकी एक जैसी ही होती है। फिर वह किताब देखी, वहां लोगों की चर्चाएं सुनीं तो लगा, खेत, खलिहान, दौड़-भाग, अपनापन गांवों में ऐसा ही तो होता है, हां भौगोलिक या ऐतिहासिक विवरण या परिस्थितियां थोड़ी अलग हो सकती हैं। बेशक वह किताब ऐतिहासिकता के बजाय संस्मराणात्मक शैली में ज्यादा थी। आज समय चक्र इतनी तेजी से बदला है कि गांवों से कई कारणों से अधिसंख्य जनता शहरों की ओर रुख कर चुकी है। शहर में तो हालात लगभग वैसे ही दिखते हैं जैसे किसी शायर ने लिखा है-

अपना ही शहर हम को बड़ा अजनबी लगा, अपने ही घर का हम को पता पूछना पड़ा।

लेखक शिव कुमार

खैर, लौटते हैं मूल मुद्दे पर। यानी ‘आहूं’ पर। सूचना मिली कि शिव कुमार जी की गांव के बारे में शोधपरक किताब प्रकाशित हो चुकी है। शिव कुमार जी से मेरी मुलाकात करीब दो साल पहले हुई। हरेश जी की बिटिया अपर्णा की शादी में। हरेश वशिष्ठ जी, हमारे (दैनिक ट्रिब्यून) के पूर्व समाचार संपादक। शिव कुमार जी हरेश जी के बहनोई हैं। बारात स्वागत से कुछ घंटे पूर्व हरेश जी के भाई जस्टिस शेखर जी और दैनिक ट्रिब्यून में हमारे साथी दीपक जी के साथ चर्चा हो रही थी। बातों-बातों में पुस्तकों को पढ़ने एवं उनकी समीक्षा पर चर्चा हुई। इसी दौरान शिव कुमार जी और दीदी से भी मुलाकात हुई। फिर तो बातों का सिलसिला चल पड़ा। उसी वक्त उन्होंने बताया कि वह अपने गांव के बारे में शोधपरक काम कर रहे हैं। किताब के रूप में वह जल्दी ही आएगी। मेरी उत्सुकता तभी से थी। अभी किताब पूरी पढ़ी नहीं, लेकिन जो थोड़ी-बहुत जानकारी मिली है, उसे देखकर लग रहा है कि किताब निस्संदेह रोचक होगी। बेशक मसला एक गांव का हो, लेकिन इसके तार बहुत दूर-दूर तक फैले होते हैं। फिर आहूं के तार तो पाकिस्तान तक जुड़े हैं। इसमें कोई शक भी नहीं कि गांव तो गांव ही होते हैं। उनका मूल स्वरूप कुछ इसी तरह का होता है-

पता अब तक नहीं बदला हमारा, वही घर है वही क़िस्सा हमारा।

गांव में लोग एक दूसरे को जानते हैं। इस गांव का भी यही हाल है। यह अलग बात है कि ऐतिहासिक दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण एवं प्राचीन होने के नाते इसकी जड़ें दूर-दूर तक जा पहुंची।

एक ही धरती हम सब का घर जितना तेरा उतना मेरा

दुख सुख का ये जंतर-मंतर जितना तेरा उतना मेरा

असल में आहूं कैथल जिले की पूण्डरी तहसील का एक गांव है। खुद में कैथल ही बहुत ऐतिहासिक इलाका है। दो साल पहले यहां भी जाना हुआ तो पता चला कि इसका पौराणिक नाम कपिस्थल है। यह नाम हनुमानजी के नाम पर पड़ा। बाद में यह कपिस्थल से अपभ्रंश होकर कैथल बन गया। खैर, कैथल के आहूं के ही मूल निवासी शिव कुमार ने अपने इस गाव के इतिहास पर पुस्तक लिखी है। कहा जा रहा है कि इस पुस्तक के प्रकाशित होने पर आहूं पहला गांव बन गया है जिसका लिखित इतिहास है। मैंने इस लेख की शुरुआत में जिस गांव का जिक्र किया था, वह असल में ऐतिहासिक दस्तावेज न होकर संस्मरणात्मक विवरण है। लेकिन आहूं ऐतिहासिक डॉक्यूमेंटेशन जैसा है। यह पुस्तक लेखक के लगभग पांच वर्षों के शोध का परिणाम है जिसके छपने की गांव के लोग बड़ी उत्सुकता से प्रतीक्षा कर रहे थे ।
281 पृष्ठ की इस पुस्तक में गांव के इतिहास के लगभग हर पहलू का वर्णन है।
 गांव का नाम कैसे पड़ा लेखक की यह खोज ऋग्वेद और पुराणों तक पहुंची है। लेखक का मत है कि गांव का नाम अहन नामक प्राचीन तीर्थ के नाम पर पड़ा है जिसकी पुष्टि में लेखक ने प्राचीन तथा नवीन कई ग्रंथों के सन्दर्भ भी दिए हैं। गांव कब बसा, गांव में बसी अलग जातियों और गांव आने वाले पूर्वजों के विवरण भी पुस्तक में दिए गए हैं। इस गांव में एक किला भी था तथा यह गांव लगभग सौ वर्ष तक एक सिख परिवार की जागीर रहा। गांव में मुसलमान राजपूत तथा अन्य कई जातियों के मुसलमान भी रहते थे जो आजादी के समय हुए बंटवारे में पाकिस्तान चले गए थे। पुस्तक में उनके बारे में विस्तार से वर्णन है तथा यह भी लिखा है की वे पाकिस्तान में कहां जा कर बसे हैं। इसके अलावा गांव के प्रशासन के पुराने नियम कायदे, जमीन से सम्बंधित मामले, गांव की आबादी, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा गांव के विशेष लोगों पर भी अलग अलग अध्याय हैं। पुस्तक में गांव में हुई रुचिकर घटनाओं का भी बीच बीच में वर्णन है।

बताया गया है कि गांव में रहने वाले तथा वहां से आसपास के शहरों में बस गए हर परिवार को पुस्तक की एक प्रति दी जाएगी। वाकई गांव के बारे में ऐतिहासिक जानकारी से रू-ब-रू होना बहुत रुचिकर होगा। अब आते हैं लेखक के संक्षिप्त परिचय पर-
लेखक शिव कुमार के पिता धनी राम इस क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित वैद्य रहे हैं और लेखक केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के पूर्व अधिकारी हैं। शिव कुमार जी का मानना है कि यह पुस्तक अपनी तरह की पहली पुस्तक है और इस में आहूं के अतिरिक्त आसपास के इलाक़े की भी ऐतिहासिक और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां हैं। लेखक ने गांव के इतिहास पर और अधिक शोध के सुझाव भी दिए हैं तथा गांव के इतिहास पर शोध के लगभग पांच साल के अपने अनुभव भी पुस्तक में ही सांझा किये हैं। लेखक ने गांव से पाकिस्तान चले गए राजपूत मुसलमानों के बारे में काफी विस्तार से लिखा है जिनके बारे में जानकारी प्राप्त करना आसान नहीं रहा होगा ।
लेखक का कहना है कि गांवों का इतिहास पूर्ण रूप से उपेक्षित रहा है जिसके बारे में कभी कोई शोध नहीं हुआ है। गांवों
 का इतिहास रुचिपूर्ण बातों से भरा होता है लेकिन उपेक्षा के कारण धीरे धीरे ख़त्म होता रहता है। गांवों के इतिहास में सबसे आकर्षक पहलू यह है कि इसमें अपने ही पूर्वजों तथा अपने ही स्थान का वर्णन होता है जिससे लोग सबसे अधिक जुड़ाव महसूस करते हैं। लेखक का मानना है कि यह पुस्तक गांवों के इतिहास लेखन की नयी परंपरा स्थापित करेगी। लेखक अब अपने परिवार के इतिहास तथा वंशावली पर भी काम कर रहे हैं। सचमुच काम बहुत रोचक हो रहा है। इससे प्रेरित होकर और लोग भी गांव और वंशों के बारे में कुछ शोधपरक काम करेंगे। सच में कुछ ऐसी-वैसी बातें भले कही जाएं लेकिन काम जारी रहना चाहिए बेशक लोग कहते रहें-

कोशिश के बावजूद ये इल्ज़ाम रह गया, हर काम में हमेशा कोई काम रह गया।

शिव कुमार जी को इस शोधपरक काम के लिए साधुवाद। कोरोना महामारी के दौर में आमने-सामने संवाद संभव नहीं, लेकिन उम्मीद है कि पुस्तक पर विभिन्न मंचों पर सार्थक चर्चा होती रहेगी। 
बुजुर्ग का साथ और हाथ में पुस्तक


मंगलवार, 16 मार्च 2021

भंवरे की गुंजन और बचपन की यादें

 केवल तिवारी

भंवरे की गुंजन है मेरा दिल, कब से संभाले रखा है दिल, तेरे लिए, तेरे लिए... इस धरती पर मेरे अवतरण से पहले बनी फिल्म कल आज और कल का यह गीत बहुत पहले से सुनता आया हूं। हसरत जयपुरी साहब के बोल और शंकर-जयकिशन का संगीत। आज अनायास ही फिर मुंह से फूट पड़ा। असल में घर के अंदर कहीं से एक भौंरा आ गया। छोटा सा। श्रीमती जी ने कहा, इसे बाहर कर दो। फिर आजकल ततैया भी खूब आ रही हैं। शायद यह मौसम उनकी ब्रीडिंग के लिए बहुत मुफीद होता है। भंवरे को बाहर करने उसके पास गया तो भ्रामरी योग में निकलने वाली आवाज सी आयी। धीरे-धीरे लगा अरे यह आवाज तो सुनी-सुनाई सी है। आज की नहीं, बहुत पहले की। शायद मैं तीसरी या चौथी में पढ़ता होऊंगा। या हो सकता है मैं चार-पांच साल का रहा होऊंगा। कालखंड सटीक याद नहीं है, हां गांव का नजारा था, यह अच्छी तरह याद है। गौर से सोचा तो याद आ ही गया वह दौर। गांव का। माता जी खेत में गयी होती थीं। दीदी या तो स्कूल या उन्हीं के साथ खेत में। मैं घर में अकेला होता था। बाहर के कमरे यानी चाख में ऐसा ही भौंरा या बड़ी मक्खी घूमती थी और उसकी भ्रमरगान मुझे उदासी से भर देता था। कभी खिड़की पर आकर बाहर को देखने लगता या फिर बाहर आ जाता। बाहर भी सन्नाटा सा पसरा दिखता। दिन में आराम करने का रिवाज होता था। कुछ लोग या तो घर में होते ही नहीं, होते तो आराम कर रहे होते। फिर हमारे जैसे बच्चों को कौन तवज्जो दे। खैर आज यह भौंरा आया, पत्नी ने बाहर करने को कहा तो मैं बचपन की बातें बताने लग गया। फिर मुझे लगा, पहले मुझे गीत गा लेना चाहिए था, 'भंवरे की गुंजन है मेरा दिल, कब से संभाले रखा है दिल तेरे लिए, तेरे लिए...' लेकिन क्या करें, यादों के पिटारे को सिर पर लादे फिरता हूं। याद आ गया वह मंजर। चलो इसी बहाने कुछ लिखने का मन हो गया और एक छोटा सा पीस यहां लिख डाला। 
और अंकल जी का कहना, खुश रहो तो वजन बढ़ेगा
बातों-बातों में एक रात पहले की बात याद आ गयी। अपने मित्रों के साथ कहीं गया था। वहां एक अंकल जी मिले। सरदार जी। बुजुर्ग, लेकिन सेहतमंद। वहीं हॉल के बाहर रखी वजन तोलने की मशीन थी। मैंने मित्र से कहा, 'यार मेरा वजन लगातार कम हो रहा है। हालांकि डॉक्टर ने ऐसे संकेत दिए हैं, लेकिन जब से जाड़ों के कपड़े उतर गये हैं कुछ ज्यादा ही दुबला दिखने लगा हूं।' मित्र ने कहा, वजन कुछ मेरा भी कम हुआ है। हम लोग बात ही कर ही रहे थे सरदार अंकल आ गये। मैंने और मित्र ने पूछा, 'अंकल वजन बढ़ाने के लिए क्या करें?' वे तुरंत बोले, 'खुश रहा करो, अच्छी गल किया करो, ऐहते दूजा कोई गल नहीं, वजन आपे बढ़ जावेगा।' मैं बोला, 'अंकल तुसी सच्ची गल कित्ता।' फिर हम सभी हंस पड़े, थोड़ा मेरी पंजाबी बोलने पर हंसना और थोड़ा अंकल की सही बात पर सहमति जताना। फिर मैंने और मित्रों ने कहा कि वास्तव में बात छोटी सी है, लेकिन असरदार। खुश रहना चाहिए। अच्छी बातें करनी चाहिए। शेष सब चलता रहता है। चलिए बातों बातों में कुछ बातें हो गयीं, बाकी फिर कभी---

वसुंधरा की वह यात्रा और जीवन पथ गुलाबी बाग से नोएडा-गाजियाबाद के सफर का जिक्र

केवल तिवारी

मुझे मोहब्बत है अपने हाथों की सब उंगलियों से, ना जाने कौन से उंगली पकड़ के मां ने मुझे चलना सिखाया होगा…

यह शायरी याद आ गयी आज जब कुछ लिखने को जी चाहा। हर दिन हर पल कुछ लिखने को मन में कुलबुलाता रहता है, लेकिन दिल की ज्यादातर बातें डायरी में दर्ज कर लेता हूं, जो बात ज्यादा हिलोरें मारती हैं या जिस बात पर लगता है कि इसे तो सबके साथ साझा किया जाना चाहिए, उसे अपने ब्लॉग पर चस्पां कर देता हूं। डायरी लिखने की बात आई तो हमारे भतीजे साहब बिपिन ध्यान में आये। उन्होंने एक डायरी हाल ही में मुझे दी है। इत्तेफाक देखिये मेरी पुरानी डायरी अभी-अभी भरी है, अब नयी शुरुआत इसी में करूंगा। खैर... बिपिन तिवारी द्वारा दी गयी डायरी का किस्सा बहुत पुराना नहीं है, हाल ही में मैं दिल्ली गया था। गाजियाबाद भी जाना हुआ। बिपिन से बात हो गयी थी। बिपिन ने कहा कि पहले ग्रेटर नोएडा आ जाओ, हम सब लोग नितिन के साथ हैं, फिर चलेंगे वसुंधरा। मैंने वसुंधरा स्थित अपने फ्लैट में कुछ काम करवाया था, उसे देखना था और ठेकेदार को कुछ पैसा भी देना था। इस बीच, भतीजी भावना तिवारी यानी कन्नू से भी मिलने का कार्यक्रम था, लेकिन इत्तेफाक से उस दिन उसकी व्यस्तता थी। मैं समझ सकता हूं कि इलेक्ट्रानिक मीडिया की व्यस्तता। फिर जिम्मेदारी और तरक्की के पथ पर बढ़ते रहने के लिए थोड़ी भागदौड़। खैर मैंने परिवार के अन्य सदस्यों से बात नहीं की क्योंकि मैं जानता था कहीं भी मिलने नहीं जा पाऊंगा। हेम, हरीश, दीप, प्रकाश सभी तो दूर-दूर हैं। भतीजियों को घर भी अलग-अलग दिशाओं में है, फिर और लोग भी हैं। खैर अपने सफर के दूसरे पक्ष की ओर जाऊंगा तो मुद्दा भटक सा जाएगा। सीधे मुद्दे पर आता हूं। मैं अपने साले साहब भास्कर जोशी (राजू) के यहां फरीदाबाद पहुंचा, वहां से ग्रेटर नोएडा गया। पहले वरिष्ठ पत्रकार और मुझसे खास स्नेह रखने वाले नरेंद्र निर्मल जी के यहां गये। करीब एक घंटा वहां बैठने के बाद आ गया नितिन के फ्लैट (स्लीओ कंट्री, सेक्टर 121-नोएडा) 12वीं फ्लोर पर घर। वहां नितिन की नानी जी और मामाजी भी मिले। नितिन की मम्मी बीना, बहन मिन्नी और एक साल से तिवारी परिवार से जुड़ी नयी नवेली बहू मानसी मिलीं। बेहद सरल और सहज अंदाज में हुई बातें। मैं तो वाचाल किस्म का हूं, काफी कुछ बोल गया। नितिन ने कहा, बड़बाज्यू खाना बनने तक आइये नीचे घूम के आते हैं। हम लोग सोसायटी देखने चले गये। सचमुच एक नयी दुनिया सी। गगनचुंबी इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर उतनी ही सुविधाएं। कुछ दिन पहले इसी इलाके में नितिन-मानसी की शादी की साल गिरह का जश्न मना था। उस समारोह में मैं नहीं था, खैर वह कमी आज पूरी हुई। मानसी के हाथ का खाना पहली बार खाया। बेहतरीन लगा। भले गगनचुंबी इमारत हो, भले आलीशान सुविधाएं हों, भले एक नया संसार सा हो, लेकिन सहजता वही पुरानी थी, सरलता वही पुरानी थी। मेरी भी और बाकी अन्य की भी। बातों-बातों में मानो हम कह रहे हों-

पता अब तक नहीं बदला हमारा, वही घर है वही क़िस्सा हमारा।

गुलाबी बाग फोटो : साभार इंटरनेट

दोपहर के भोजन के बाद मैं और बिपिन चले आये वसुंधरा, नितिन के मामा ने हमें वहां छोड़ दिया। इस बीच काफी बातें होती रहीं। पहले बिपिन के घर गये वहां कुछ देर आराम किया फिर चाय पी। उसके बाद मैं और बिपिन पैदल चल दिए मेरे फ्लैट की ओर। अनेक बातें हुईं और उन बातों का सार यही निकला कि-

रिश्तों को मजबूत बनाने के लिए, एक छोटा सा उसूल बनाते हैं। रोज कुछ अच्छा याद रखते हैं, और कुछ बुरा भूल जाते हैं

याद करने के इस क्रम में हम लोगों ने बात की गुलाबी बाग की। हमारे परिवार के एक हिस्से की बात हो और गुलाबी बाग का जिक्र न हो, कैसे हो सकता है। जिस तरह परिवार के दूसरे हिस्से की बात हो और लखनऊ तेलीबाग का जिक्र न हो, हो नहीं सकता, उसी तरह गुलाबी बाग का जिक्र तो स्वाभाविक था। गुलाबी बाग में भी 754 का। 754 वह नंबर है, जिसे हम तब से सुनते थे जब से हम शायद दिल्ली के बारे में भी सही से नहीं सुन पाए होंगे। मुझे याद है गांव से जब चिट्ठी लिखाई जाती थी तो कहा जाता था, बुद्धिबल्लभ तिवारी को मिले, 754 गुलाबी बाग-दिल्ली। बाद में मेरा भी उस घर में जाना हुआ। पुष्पा दीदी वहां कई महीने रही। मेरी माताजी वहां बहुत रहीं। हमारे परिवार का शायद ही कोई सदस्य होगा जो उस छोटे से घर 754 की विशालता और दीर्घता को न जानता हो। यह दीगर है कि नयी पीढ़ी के बच्चों ने सिर्फ सुना ही होगा। चूंकि जब से दिल्ली आया, बिपिन से नया रिश्ता भी बना, मित्रता का। बिपिन रिश्ते में भतीजा है, पूरा परिवार सम्मान देता है, लेकिन उम्र में तो बड़ा है ही। यहां मैं बिपिन के लिए इस तरह की शब्दावली लिख रहा हूं, लेकिन कभी बिपिन दंपती के लिए मुंह से तू-तड़ाक नहीं निकलता। आखिर मेरी लघुता में इतनी दीर्घता तो होना जरूरी है। खैर आते हैं चर्चा पर वापस। हम लोग अक्सर मिलते हैं। नहीं भी मिलते हैं तो परिवार के अन्य सदस्य किसी न किसी रूप में आपस में जुड़े हैं। सभी संस्कारी। हमारा परिवार है, इसलिए नहीं कह रहा हूं, बल्कि इस परिवार का उदाहरण दिया जाता है, इसलिए कह रहा हूं। क्योंकि-

अगर ज़िन्दगी एक सफर है तो परिवार उस सफर का सबसे सुन्दर हमसफ़र है।  

और इसलिए भी-

ऐ इंसानियत मेरी, मुझमें तुम बाकी रहना, परिवार को मुझमें, और मुझे परिवार में शामिल रखना।

पार्कव्यू सेक्टर 5 वसुंधरा फोटो : साभार इंटरनेट


चलिए बात जारी रखी जाये। नितिन के घर में जब हम सब बातें कर रहे थे तो सभी प्रसन्नचित्त दिख रहे थे। और इस बात को हम सब जानते हैं कि-

जिस परिवार में मां-बाप हंसते हैं, उसी घर में भगवान बसते हैं।

खैर 754 के बाद बिपिन ने गुलाबी बाग में दो मकान बदले। मुझे उनके नंबर ठीक से याद नहीं, लेकिन ग्राउंड फ्लोर के मकान में कई मौकों पर हम परिवार सहित मिले। एक शायद नितिन की जनेऊ के मौके पर और एक बार प्रेमा की शादी के मौके पर। वहीं दीप का भी घर है। अब प्रकाश भी उसी इलाके में अपने घर में रह रहा है। बड़ी प्रसन्नता होती है, यह सब सुनकर। 

सेक्टर 4 भी वसुंधरा।


खैर, चलना ही जिंदगी है। चलते-चलते और बातों बातों में पहुंच गया हूं वसुंधरा। यहां जब से बिपिन आया तो लगा अरे वाह अब तो पड़ोसी हो गये। उस दिन फिर बातचीत जारी रही। एक विचार आया कि-

इंसान आजकल इसलिए भी परेशान है, क्योंकि जो गर्मी रिश्तों में होनी चाहिए वो हमारे दिमाग़ में है।

हम लोग तो उस राह के राही हैं जिसके बारे में किसी शायर ने लिखा है-

अपनी गृहस्थी को कुछ इस तरह बचा लिया करो, कभी आंखें दिखा दी कभी सर झुका लिया करो।

फोटो : साभार इंटरनेट


रविवार के उस दिनभर की भागादौड़ी के बाद शाम को कुछ देर बैठकी हुई। बिपिन का बेहतरीन सौजन्य रहा। मेरे चार मित्र भी थे। विस्तार से उसकी क्या बात लिखनी। अपने इस यात्रा वृतांत को विराम देते हुए अंत में कहूंगा-

परिवार में कहना–सुनना आम है, बस लड़ाई के बाद सब भूल जाना आपका काम है।

बुधवार, 13 जनवरी 2021

जमाना स्मार्ट है, पर नोट भी कर लेना चाहिए


मन में विचार मंथन चलते रहते हैं। कभी कुछ, कभी कुछ। विचार मंथनों से इतर, कई बार बच्चे बड़ी-बड़ी बातें कर जाते हैं। उनकी बातों से निकली बातों पर तो कभी लेख बन गये और कभी ब्लॉग पर लिख डाला। जैसे बच्चे का सवाल कि अगर आपके जमाने में online class की स्थिति आती तो क्या चिट्ठियां भेजकर पढ़ाई होती। ऐसी ही कई बातें। मैं बच्चों से कहता हूं कि डायरी लिखा करो, रोज नहीं तो कुछ खास मौकों पर। जैसे अगर कभी कोई मेहमान आया हो, उनके बच्चों से आपकी कोई बात हुई हो या घर में कोई नयी चीज आई हो या फिर किसी का जन्मदिन हो वगैरह-वगैरह। बच्चे कभी इसे फॉलो करते हैं और कभी बच्चे तो बच्चे ठहरे। जब बात लिखने की आती है तो कई बार मैं चीजों को नोट करने के लिए कहता हूं। खुद भी सोचता हूं कि यह बात नोट कर लूं, लेकिन जब-जब चूका हूं तब-तब भूला हूं। पिछले दिनों कई आइडिया आये। सोचा कि इन्हें नोट कर लूंगा, लेकिन भूल गया। कभी भूलने या न लिख पाने या कहीं जाने के समय को लेकर बात करता हूं तो छोटा बेटा धवल कहता है, पापा स्मार्ट बनो। smart कैसे बनो, वह इसे भी दिखाता है। इन दिनों उसकी ऑनलाइन क्लास चलती हैं। उसने हर क्लास के समय से पांच मिनट पहले का अलार्म लगा रखा है। कभी अगर हम उसे टोकते हैं कि चलो तैयार हो जाओ। पेन, नोटबुक, किताब निकालकर बैठो, क्लास आने वाली है, तो सीधे जवाब देता है कि smart हूं मैं, अलार्म लगा रखा है। उसके अलार्म की बात तो यह भी है कि एक दिन उसने पूछा, पापा आप सैर (morning walk) करने कितने बजे जाते हैं, मैंने कहा, आजकल (winter season) करीब साढ़े सात बजे। उसका अगला सवाल उठते कितने बजे हो, मैंने कहा कम से कम एक घंटा पहले। मैंने उससे पूछा कि तुम्हें चलना है, बोला नहीं। मैंने कहा, चला करो आपके भैया को तो मैं कभी-कभी ले जाता हूं। उसने फिर इनकार कर दिया। अगली सुबह ठीक साढ़े 6 बजे आवाज आई, 'पापा और भैया उठ जाइये' मैं हैरान, कि यह आवाज कहां से आ रही है, छोटे बेटे को देखा तो वह सो रहा है, फिर सिरहाने के पास रखे मोबाइल की ओर नजर पड़ी, देखा मोबाइल में अलार्म बज रहा है। यह अलार्म बच्चे ने अपनी आवाज रिकॉर्ड कर लगा दिया था। खैर उस वक्त उठने का बहुत मन नहीं कर रहा था, ठंड भी बहुत थी। पांच-10 मिटन बाद पत्नी गरम पानी लेकर आ गयी। पानी पीया। फिर थोड़ी देर बाद चाय आ गयी। उसके बाद फ्रेश होते-होते और सर्दियों में खूब सारे कपड़े पहनते-पहनते साढ़े सात बज गया। तभी आवाज आई, 'राउंड करने जाइये' यही वाक्य रिपीट हो रहा था। यह आवाज भी मोबाइल से ही आ रही थी। मैंने अलार्म off नहीं किया, उसे बजने दिया। बेटा अलसाया सा उठा, बोला पापा राउंड करने जाओ। मैं हंस दिया, वाह मेरे स्मार्ट बेटे। उसके बाद कई मौके आए जब लगा कि इस अलार्म को discontinue कर दूं, लेकिन खुद ही रुक गया। सुबह-सुबह अब तो इसे सुनना अच्छा लगने लगा है। इस तरह की smartness देखकर तकनीक और तकनीक पर बच्चों की निर्भरता को लेकर चिंता भी होती है। इस निर्भरता के कारण आज शायद कुछ ही लोग होंगे जिन्हें 10-12 फोन नंबर याद हों। एक जमाना होता था लोगों को कई चीजें याद होती थीं। यहां तक कि हफ्तेभर पहले किसी को मिलने का दिया गया समय और जगह भी। अब तो सबकुछ मोबाइल में होने लगा। स्मार्ट बनना अच्छी बात है, लेकिन नोट करने जैसी विधा की कोई सानी नहीं। नोट करने का मन नहीं होता तो इतना लिख भी कहां पाते। इसलिए मैंने तो सोच लिया है कि नोट करने की अपनी बात पर अमल करूंगा। तत्काल नहीं तो कुछ देर बाद ही सही। आप क्या कहते हैं।

सोमवार, 7 दिसंबर 2020

अविष्कारों का खोजी तकनीशियन

चरित चर्चा/केवल तिवारी

(यह मैटर करीब चार साल पहले दैनिक ट्रिब्यून में छप चुका है।)

वह स्कूली शिक्षा के दौरान कभी पढ़ाई में अव्वल नहीं रहे। कक्षा में पीछे बैठने वाले विद्यार्थियों में शुमार रहे। अड्डïेबाजी में समय बिताते रहे। लेकिन उनके दिमाग में कुछ न कुछ फितूर चलता रहता। किसी तकनीक से मिलने वाले फायदे और उसकी लागत की बात होती तो उनके मन में बार-बार सवाल उठता कि अगर ये कर लें तो लागत कम हो जाये और अगर ऐसा कर लें तो तकनीकी झमेले कम हो जायें। कभी उनकी बात सही भी साबित हो जाती और कभी सारी कोशिश बेकार जाती। लेकिन इस बार उन्होंने ऐसा कुछ कर दिया कि पूरे अमेरिकी टेलीविजन चैनल कंपनियां सकते में आ गयी हैं। उनकी खोज से उपभोक्ताओं के हित की बात तो बाद में होगी, पहले मामला कोर्ट में चला गया है। कोर्ट में शुरुआती सुनवाई उनके पक्ष में जाती नहीं दिख रही, लेकिन भारतीय मूल के इस व्यक्ति की चर्चा पूरे संसार में हो रही है। नाम है चेत कनौजिया। उम‎्र 43 वर्ष। एयरो डॉटकॉम के मुखिया।
असल में श्री कनौजिया अमेरिका में जाकर चेत बने। उनका मूल नाम है चैतन्य कनौजिया। चैतन्य का जन्म मध्य प‎्रदेश के भोपाल में हुआ। उनकी शुरुआती पढ़ाई भी यहीं हुई। चैतन्य भले ही पढऩे में अव्वल नहीं थे, लेकिन तकनीकी ज्ञान लेने का उन्हें बहुत शौक बचपन से ही था। बेशक वह पढ़ाई में टॉपर में शुमार नहीं होते, लेकिन कभी फेल भी नहीं हुए। यह दीगर है कि रुटीन पढ़ाई में उनका मन कम ही लगता था। वह रोजमर्रा की जरूरत की चीजों के तकनीकी पहलुओं को गौर से देखते, समझते और उनसे संबंधित जानकारी जुटाते। रेडियो से आवाज कैसे आती है, किसी गाने को सुनते वक्त उसकी आवाज में और गहराई कैसे लायी जा सकती है। फोटोग‎‎‎‎्राफी के और नये एंगल क्या हो सकते हैं वगैरह-वगैरह... तमाम सवाल उनके मन में कौंधते रहते। हाईस्कूल, इंटरमीडिएट करने के बाद चैतन्य ने भोपाल के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलोजी से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक किया। इसके बाद वर्ष 1991 में वह अमेरिका आ गये। यहां इन्होंने अपना नाम चेत कनौजिया रख लिया। यहां से उन्होंनं कंप्यूटर इंजीनियरिंग में पोस्ट ग‎्रेजुएट किया। चेत इसके बाद कई कंपनियों में काम करने लगे और वहां तकनीकी सुझाव देने में धीरे-धीरे इनका नाम प‎्रसिद्ध होने लगा। रोबोटोटिक डाटा और सूचना तकनीक में नित नये प‎्रयोग करने वाले चेत का ही कारनामा था कि उनके पास 14 से अधिक ऐसी ही तकनीकी पेटेंट अधिकार है। फिलवक्त चेत एयरो कंपनी में हैं। वर्ष 2010 से यह कंपनी उनके नेतृत्व में लगातार नयी ऊंचाइयां छू रही है। इन तमाम उपलब्धियों से इतर पिछले दिनों का नाम तब सबकी जुबां पर आया जब अमेरिकी टीवी चैनल्स को खतरा महसूस होने लगा। असल में उन्होंने एक रुपये के आकार का एक ऐसा एंटीना बनाया है जो टेलिविजन सिग्नल पकडक़र उसे इंटरनेट के जरिए उपभोक्ताओं के पास भेजता है। यही नहीं बिना तार के काम करने वाले इस एंटीने में लगी चिप की सहायता से उपभोक्ता टीवी कर्यक‎्रमों की रिकॉर्डिंग भी कर सकते हैं। एंटीना लगाने का खर्च कम है और आगे भी इसे कम खर्च पर जारी रखा जा सकता है। यही नहीं इसी डिवाइस के जरिये टीवी कार्यक‎्रमों को इंटरनेट के जरिये भी देखा जा सकता है। उनकी इस खोज के बाद अमेरिका की तमाम टीवी चैनल्स कंपनियां कोटर्‎ में पहुंच गयीं। उनका तर्क था कि चेत के इस एंटीने के प‎्रयोग को अगर छूट दी जाएगी तो एक प‎्रकार की औद्योगिक अराजकता की स्थिति पैदा हो जायेगी। असल में माना यह जा रहा है कि इस अविष्कार के कारण अमेरिकी कंपनियों का भारी नुकसान होगा। दूसरी तरफ कुछ लोगों का तर्क यह भी है कि चेत कनौजिया का यह अविष्कार उपभोक्ताओं के लिए बेहद लाभप‎्रद होगा। उपभोक्ता सिर्फ एक यूजर आईडी और पासवर्ड के जरिए जिस उपकरण पर चाहे अपने पसंदीदा चैनल देख सकता है वो भी केवल आठ डॉलर प्रतिमाह के शुल्क पर, जबकि केबल कंपनियां इसके लिए 100 से 200 डॉलर तक वसूलती हैं। मामला अमेरिकी कोर्ट में है। चेत को उम्मीद है कि जीत उनकी होगी। इस अविष्कार से आम उपभोक्ता को कितना फायदा होगा और कब से यह तो आने वाले समय में पता चलेगा, लेकिन अविष्कार की उपयोगिता और संभावित फायदे ने सबको चौंका तो दिया ही है। देखना यह होगा कि चेत अब आने वाले समय में और ऐसा क्या खोज लाते हैं कि दुनिया उनकी तकनीकी ज्ञान का लोहा मानने लगे। 

डॉ विवेक मूर्ति : अमेरिका में हुनर को फिर सम्मान

केवल तिवारी

पुश्नीतैनी तौर पर भारत के कर्नाटक से ताल्लुक रखते हैं। जन्म हुआ इंग्लैंड में। अब अमेरिकी हैं। अभी उम्र मात्र 43 वर्ष है। डॉक्टर हैं। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के प्रशासन में स्वास्थ्य से संबंधित समिति में बड़े ओहदे पर थे। ट्रंप प्रशासन ने जिम्मेदारी छीन ली। अब जो बाइडेन का कार्यकाल शुरू होने को है तो इन्हें फिर से उसी पद की जिम्मेदारी दी गयी। नाम है विवेक मूर्ति। 

Dr. Vivek murthy

विवेक जब बच्चे ही थे तभी इनका परिवार इंग्लैंड से अमेरिका चला गया। उन्होंने हार्वर्ड यूनिवर्सिटी, येल स्कूल ऑफ मेडिसिन और येल स्कूल ऑफ मैनेजमेंट से पढ़ाई की है। बॉस्टन के ब्रिगम एंड वीमेंस अस्पताल से इंटरनल मेडिसिन रेसीडेंसी पूरी करने के बाद उन्होंने हार्वर्ड मेडिकल स्कूल में बतौर फैकल्टी ज्वाइन किया। अपनी लगन और मेहनत के बल पर आगे बढ़ते रहने वाले विवेक मूर्ति ओबामा प्रशासन के दौरान अमेरिका के 19वें जनरल सर्जन नियुक्त किए गए। उस वक्त यह पद हासिल करने वाले सबसे कम उम्र (37 साल) के थे विवेक। बाद में वर्ष 2017 में डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने उन्हें इस पद से हटा दिया।

इस बीच, कोरोना महामारी का दौर चला और इसी माहौल में अमेरिका में चुनावी गहमागहमी शुरू हो गयी। ऐसे में प्रचार के दौरान विवेक, बाइडेन के टॉप एडवाइजर्स टीम में शामिल किए गए। विवेक मूर्ति लगातार बाइडेन को ब्रीफ करते थे और नीतियां बनाने में मदद करते थे। अब जब चुनाव परिणाम आ गये और जो बाइडेन को अगरा राष्ट्रपति घोषित किया गया तो उन्होंने कोविड—19 पर अपने प्रमुख सलाहकार एवं भारतीय मूल के अमेरिकी डा. विवेक मूर्ति को अगला सर्जन जनरल नियुक्त करने की घोषणा कर दी। अमेरिकी मीडिया की खबरों में कहा गया है कि अमेरिका के पूर्व सर्जन जनरल विवेक एच मूर्ति को पुरानी भूमिका अदा करने के लिये कहा गया है। अमेरिका में सर्जन जनरल का कार्यकाल चार साल का होता है और वह सार्वजनिक स्वास्थ्य के मामलों में सरकार का शीर्ष अधिकारी होता है। डॉक्टर्स फॉर अमेरिका के सह संस्थापक डॉ मूर्ति ने कई अस्पतालों में काम किया है। भारतीय मूल के डॉ विवेक मूर्ति को इस नयी जिम्मेदारी की बहुत-बहुत बधाइयां। 

चलता रहे कुछ कुछ

कुछ पुरानी फाइलें देखने लगा तो दैनिक ट्रिब्यून में करीब दो साल तक चले अपने कॉलम चरित चर्चा का कुछ मैटर दिख गया। इनमें से एक मैटर को उठा लिया क्योंकि उनसे ईमेल पर वार्तालाप भी चली। कुछ जानकारी मैंने उनसे मांगी ताकि बात सटीक हो। इसी तरह नयी दुनिया में स्कैच कॉलम भी बहुत लंबे समय तक चला। जब मैटर दिख गया तो लगे हाथ एक छोटा सा पीस डॉ विवेक मूर्ति पर लिख डाला। ब्लॉग पर कुछ-कुछ जुगाली जारी रहनी चाहिए ना।